एस. एस. राजामौली और करण जौहर ने संतोष सिवन की फ़िल्म 'मुम्बईकर' का पोस्टर किया लॉन्च


नया साल फ़िल्म इंडस्ट्री के लिए एक नया उत्साह और नयी ऊर्जा लेकर आया है. नये साल के ख़ास मौके पर एस. एस. राजामौली और करण जौहर ने फ़िल्म 'मुम्बईकर' का पहला पोस्टर लॉन्च किया. मुम्बई में रहने वाले लोगों के जज़्बे को सलाम करती फ़िल्म 'मुम्बईकर' एक एक्शन पैक्ड थ्रिलर फ़िल्म है.



'स्लमडॉग मिलेनियर' और 'गली बॉय' के बाद यह फ़िल्म एक ऐसी फ़िल्म साबित होगी जो मुम्बई में रहने वाले विभिन्न तरह के किरदारों के अंतर-संबंधों और उसकी जटिलताओं को प्रभावी ढंग से पेश करेगी. इस फ़िल्म के ज़रिए लोगों के आपसी रिश्तों के काले-उजले दोनों पक्षों को रेखांकित किया जायेगा.


देश के एक प्रबुद्ध निर्देशक के तौर पर अपनी पहचान रखने वाले और अलहदा किस्म‌ की फ़िल्में बनाने के लिए जाने-जानेवाले संतोष सिवन एक मशहूर सिनेमाटोग्राफ़र भी हैं. ऐसे में कोई शक नहीं है कि उनकी पैनी नज़र से मुम्बई की विविधता बेहद असरकारक तरीके से लोगों के सामने आएगी.

 

अपनी फ़िल्म के पोस्टर लॉन्च के ख़ास मौके पर संतोष सिवन ने कहा, "हर शहर का अपना एक अलग जज़्बा होता है और मुम्बई  भी अपने अनूठे किस्म के जज़्बे के लिए देशभर में जानी जाती है.

मुम्बई में एक तरह का चुम्बकीय आकर्षण है जो देशभर के सभी धर्मों और क्षेत्रों को लोगों को अपनी ओर खींचता है. लोगों के लिए ये शहर सपनों, उम्मीदों का शहर है. इस शहर की चकाचौंध कइयों के लिए जादुई एहसास से कम नहीं होती है. यहां एक अजनबी भी आपकी ज़िंदगी को बदल सकता है. शहर के कंक्रीटनुमा जंगल में दिलों की धड़कनें भी सुनाई देती हैं, जो लोगों के दिलों पर मरहम की तरह काम करती हैं. मुम्बई भले ही एक महानगर हो लेकिन मुम्बईकर ये शब्द किसी जज़्बात से कम नहीं है. यही वजह है कि इस फ़िल्म का शीर्षक 'मुम्बईकर' रखा गया है. अगर इस फ़िल्म की कास्ट की बात करें तो फ़िल्म में देशभर की प्रतिभाओं को लिया गया है जो इस फ़िल्म को एक नयी ऊंचाई प्रदान करेगी."


जहां 'मुम्बईकर' के निर्देशन की कमान संतोष सिवन के हाथों में है, वहीं इस फ़िल्म को प्रस्तुत करेंगे रिया शिबू. उल्लेखनीय है कि इस फ़िल्म में देशभर के उम्दा कलाकार जैसे कि विक्रांत मेस्सी, विजय सेतुपति, तान्या मनिकटला, संजय मिश्रा, रणवीर शौरी, हृदू हारून, सचिन खेडेकर अनोखे अंदाज़ में नज़र आयेंगे.

Comments

Popular posts from this blog

Kamala Harris’s rise sends a message of hope to young girls of colour and every immigrant in the US: Tel K Ganesan

Ram Gopal Varma pays tribute to Bruce Lee with Ladki: Enter The Girl Dragon

"Happy Birthday Sulakshana.. you have just been adopted," announce Anand Mahendroo, Papon, Shekhar Suman, Ismail Darbar...